सेक्टर 17 में 2 पार्किंग बंद होने से मल्टीलेवल पार्किंग में रोजाना 800 गाड़ियां पार्क हो रही थीं, वहीं बंद पार्किंग खुलते ही वो वाहनों का तरसा। दरअसल साहिब सिंह और एंपायर स्टोर पार्किंग खुलने के पहले दिन ही शहर की पहली मल्टीलेवल पार्किंग पिट गई। मल्टीलेवल पार्किंग में जहां प्रतिदिन 800 गाड़ियां पार्क हो रही थीं, मंगलवार को उसमें सिर्फ 270 वाहन ही पार्क किए गए।
यह पार्किंग मैक कंपनी को चलाने के लिए दी गई है। मैक कंपनी को छह लाख 20 हजार रुपये के भुगतान पर नगर निगम ने पार्किंग का ठेका दिया है। यह कंपनी ट्रायल पर तीन माह के लिए मल्टीलेवल पार्किंग चला रही है। मल्टीलेवल पार्किंग में वाहन पार्क करने का पहले चार घंटे का शुल्क 5 रुपये है, जबकि उसके अगले हर घंटे के 5 रुपये अलग से चार्ज होंगे। साहिब सिंह और एंपायर स्टोर की पार्किंग में लोग निशुल्क वाहन पार्क कर रहे हैं। मल्टीलेवल पार्किंग में एक साथ 724 कार और 355 दोपहिया वाहन पार्क हो सकते हैं।
सुबह 11.30 बजे तक बंद नहीं हुई पार्किंग
नगर निगम का व्यापारियों के साथ एग्रीमेंट हुआ है कि सुबह 11.30 बजे तक साहिब सिंह और एंपायर स्टोर की पार्किंग बंद रहेगी। व्यापारी और उनके कर्मचारी मल्टीलेवल पार्किंग में वाहन पार्क करेंगे। लेकिन मंगलवार को शर्त के अनुसार 11.30 बजे तक पार्किंग बंद नहीं हुई। मेयर अरुण सूद का कहना है कि बुधवार को नए सिस्टम के अनुसार पार्किंग चलाई जाएगी।
व्यापारियों ने की बैठक
सेक्टर-17 के व्यापारियों ने सिंधी स्वीट्स पर बैठक की, जिसमें संघर्ष के लिए सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त किया गया। इस बैठक में व्यापारियों को कहा गया कि वह और उनके कर्मचारी मल्टीलेवल पार्किंग में वाहन पार्क करें और सामने की पार्किंग सिर्फ ग्राहकों के लिए ही रखी जाए। मालूम हो कि व्यापारियों ने जो नगर निगम केसाथ एग्रीमेंट किया है उसके अनुसार व्यापारी अपने वाहन मल्टीलेवल पार्किंग में ही पार्क करेंगे और 50 प्रतिशत विकास का काम होने पर साहिब सिंह और एंपायर स्टोर की पार्किंग बंद कर दी जाएगी।