ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने लोगों को मुल्लांपुर में लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसके तहत चंडीगढ़ बाउंड्री से लेकर सिसवां टी-प्वाइंट रोड पर एक बाईपास रोड का निर्माण किया जा रहा है। जोकि चंडीगढ़ साइड से जाने पर मुल्लांपुर के पहले दाहिनी तरफ से शुरू होगी और मुल्लांपुर पार करने के बाद दो सौ फीट चौड़ी रोड से मिल जाएगी।
इस रोड के बनने से हिमाचल एवं पंजाब जाने वाले लोगों को काफी फायदा होगा। इससे उनका समय एवं पेट्रोल दोनों की बचत होगी। चंडीगढ़ से सिसवां की दो सौ फीट रोड पर सिर्फ मुल्लांपुर में ही अड़चन आ रही थी, जिसे बाईपास रोड बनाकर दूर किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के तीस दिसंबर को मेडिसिटी फेज-एक में दौरे के चलते सड़क का काम काफी तेज गति से चल रहा है। मेडिसिटी फेज-1 तक की सड़क को पूरा करने में मुलाजिम एवं मशीनरी दिन रात जुटी हुई है। सड़क का काम प्राइवेट कंपनी द्वारा किया जा रहा है।
इसके अलावा सड़क के साथ-साथ में सीवरेज और ड्रेनेज लाइन भी बिछाई जा रही है। ताकि बाद में लोगाें को किसी भी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े। रोड का निर्माण मास्टर प्लान के मुताबिक ही जा रहा है। सड़क आने वाले पचास सालों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है।
गमाडा द्वारा करीब 71 करोड़ रुपये की लागत से यह काम हो रहा है। सड़क का काम कंपनी द्वारा विभिन्न फेजों में किया जा रहा है। मुल्लांपुर में मेट्रो ट्रेन का स्टेशन भी प्रस्तावित है। साथ ही कई प्राइवेट कंपनियों ने अपने हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू किए हैं।
सड़क के दोनों तरफ बनाई जा रही सर्विस लेन
200 फीट चौड़ी सड़क के दोनों साइड सर्विस लेन बनाने का काम भी चल रहा है। यह सड़क करीब 8 किलोमीटर लंबी होगी। इसके निर्माण के लिए अलग से बजट रखा गया है। काम की निगरानी गमाडा का इंजीनियरिंग विंग कर रहा है। इससे पहले गमाडा ने सर्विस लेन के रास्ते में आ रहे ढंाचों की नीलामी की थी।