दिल्ली में टू व्हीलर और थ्री व्हीलर के स्पेयर पार्ट्स की फैक्टरी लगाकर काम कर रहे अशोक कुमार नारंग की रुचि शुरू से ही मिनरल वाटर की इंडस्ट्री में थी। पंचकूला में मिनरल वाटर की फैक्टरी लगाई तो सामने कई चुनौतियां थीं, लेकिन संघर्ष के दौर में खूब मेहनत की। नतीजा मार्केट में उनका उत्पाद इक्वल मिनरल्स चल निकला। अब उनके बेटे अभिवंश नारंग पिता के पूरे कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं।
रुचि थी तो लगा दी मिनरल वाटर की फैक्ट्री
इक्वल मिनरल्स कंपनी के प्रोपराइट अभिवंश नारंग ने बताया कि उनके पिता अशोक कुमार नारंग दिल्ली में टू व्हिल और थ्री व्हीलर के स्पेयर पार्ट्स की फैक्ट्री लगाकर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके पिता का रूझान मिनरल वाटर की इंडस्ट्री में शुरू से भी था। ऐसे में उन्होंने वर्ष 2001 में करीब चार कर्मचारियों के साथ पंचकूला में मिनरल वाटर की फैक्ट्री लगा दी।
शुरू से ही क्वालिटी पर रखा फोकस
अभिवंश नारंग ने बताया कि उनके पिता ने खुद से जगह-जगह जाकर प्रोडक्ट की खूब मार्केटिंग की, खुद ही गाड़ियां भेजते थे। उन्होंने बताया कि साधारण मशीन के बावजूद उनके पिता ने शुरुआत से ही उत्पाद की गुणवत्ता पर फोकस रखा और मार्केट में उपभोक्ता भी क्वालिटी को लेकर सचेत था। जिस वजह से धीरे-धीरे क्लाइंट बने, डीलर बने और ऐसे करते-करते नेटवर्क बढ़ने लगा।
वर्ष 2009-10 में ज्वाइन किया पिता का बिजनेस
नारंग ने बताया कि वर्ष 2006 में आईटीएम गुड़गांव से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने दिल्ली में ही पिता की स्पेयर पार्ट्स की फैक्ट्री ही ज्वाइंन कर ली। अभिवंश ने बताया कि उनकी रूचि भी मिनरल वाटर इंडस्ट्री में थी, तो वे वर्ष 2009-10 में पंचकूला आ गए और बिजनेस में पिता को सहयोग देने लगे। उन्होंने बताया कि मौजूदा वक्त में पूरी फैक्ट्री का कार्यभार उन्हीं के ऊपर है। अभिवंश ने बताया कि उनके यहां आधुनिक मशीनों के जरिए ही ब्लोइंग, पियूरिफिकेशन, आरओ, फिलिंग, पैकेजिंग और लोडिंग का काम होता है।
कई जगहों से है डिमांड
अभिवंश नारंग ने बताया कि करीब दस साल पहले हरियाणा टूरिज्म की ओर से डिमांड आई थी और अब तक हरियाणा टूरिज्म को उत्पाद मुहैया करवाया जा रहा है। इसके अलावा पनबस, ट्राईसिटी, दिल्ली, पानीपत और जगाधरी आदि जगहों पर उनके यहां तैयार मिनरल वाटर और सोडा डिमांड के मुताबिक सप्लाई हो रहा है।
फ्लेवर उत्पाद बनाने पर कर रहे विचार
अभिवंश नारंग ने बताया कि वे फ्लेवर उत्पाद बनाने पर विचार कर रहे हैं। जिसका टेस्ट अलग और बेहतर हो। अभिवंश ने बताया कि उनका उद्देश्य हेल्दी उत्पाद बनाकर उपभोक्ता तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि वे इस पर काम भी कर रहे हैं।
ये करते हैं मैन्युफैक्चर
- मिनरल वाटर (250 एमएल से एक लीटर)
- सोडा (600 एमएल से एक लीटर)
उत्पादन- तीन हजार बोतल पानी और सोडा (एक दिन की)
रोजगार- 10 कर्मचारी
प्रोफाइल
कंपनी- इक्वल मिनरल्स
नाम- अशोक कुमार नारंग
स्कूलिंग- शाहबाद मारकंडा, कुरुक्षेत्र
वर्ष 2001 में लगाई थी मिनरल वाटर फैक्ट्री
प्रोफाइल
कंपनी- इक्वल मिनरल्स
नाम- अभिवंश नारंग, प्रोपराइटर
स्कूलिंग- मानव स्थली स्कूल, नई दिल्ली (2001)
इंजीनियरिंग- आईटीएम, गुड़गांव (2006)
सदस्य- पंचकूला इंडस्ट्री एसोसिएशन, पंचकूला।
न्यू कमर्स के लिए टिप्स
- मेहनत और पूरी लगन के साथ करें काम
- उत्पाद की क्वालिटी पर जरूर रखें फोकस
- कर्मचारियों के साथ तालमेल रखना जरूरी