देशवासियों को शुद्ध और आर्गेनिक खाद्य उत्पाद उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से भारतीय बाजार में उतरी एमएसजी ऑल ट्रेडिंग इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से बाजेकां रोड स्थित कंपनी कार्यालय में 151 प्रोडेक्ट्स की लांचिंग को लेकर समारोह का आयोजन किया।
कंपनी के ब्रांड एंबेसडर डेरा सच्चा सौदा के संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां ने प्रोडक्ट्स और कंपनी की वेबसाइट लांच की, साथ ही उत्पादों को लेकर जाने वाले ट्रकों को झंडी दिखाकर रवाना किया।
कंपनी के उत्पादों की लांचिंग के अवसर पर ब्रांड एंबेसडर संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां ने कंपनी के 151 उत्पादों को लांच किया, कंपनी के स्लोगन लिखे गुब्बारों को हवा में छोड़ा। उन्होंने कंपनी की वेबसाइट ‘एमएसजी माय एंड युअर च्वाइस’ का भी लोकार्पण किया, जिस पर कंपनी के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की जा सकती है।
उन्होंने सर्वाधिक उत्पादों का आर्डर देने में प्रथम रहने वाले सुपर स्टाकिस्ट व स्टाकिस्टों को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक एक मोटरसाइकिल दी। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि कंपनी के इस प्रयास से बीमारियां-बुराइयां खत्म हों और तंदरुस्ती पैदा हो। उन्होंने बताया कि कंपनी ने आर्गेनिक उत्पादों के लिए आर्गेनिक खेती करने वाले किसानों से भी संपर्क किया है।
कंपनी के डायरेक्टर सीपी अरोड़ा ने कंपनी के उद्देश्यों के बारे में बताया कि दिमागी और आत्मिक तंदुरुस्ती के साथ शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कंपनी द्वारा बेहतरीन गुणवत्ता वाले उत्पाद सही दामों में लाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कंपनी अपने उत्पादों को सुपर स्टाकिस्ट, स्टाकिस्टों और डीलरों के माध्यम से तो उपभोक्ताओं तक पहुंचाएगी ही साथ ही पूरे देश में आउटलेट्स खोले जाएंगे। इसके अलावा ऑनलाइन सेल्स, टेली शॉपिंग और मोबाइल एप्स द्वारा भी उत्पाद खरीदे जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी के उत्पादों के रेट देशभर में एक ही रखे गए हैं। बेशक विभिन्न राज्यों में वैट के रेट अलग-अलग हैं, उन्हें कंपनी ने ही वहन किया है।