पंचकूला। अंबाला लोकसभा क्षेत्र के सांसद व जिला विकास समन्वय एवं निगरानी कमेटी (दिशा) के अध्यक्ष वरुण चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी कमेटी (दिशा) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला में हो रहे विकास कार्यों के संबंध में 92 विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों से फीडबैक लिया व उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सही व पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना मुख्य उद्देश्य है। योजनाओं की जानकारी जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर डालें, ताकि लोगों को लाभ मिल सके। चौधरी ने नगर निगम की ओर से शहर में लगे कैमरों की रिपेयर के लिए 80 लाख रुपये के टेंडर पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इतने पैसे में तो शहर में नए कैमरे लग सकते हैं। इस पर सफाई देते हुए हुए नगर निमग कमिश्नर अराजिता ने कहा कि यह टेंडर पहले से लगा हुआ है और शहर में हाई क्वालिटी के कैमरे लगे हुए हैं।
बैठक में जिला दिशा कमेटी की सह-अध्यक्ष व राज्य सभा सांसद रेखा शर्मा के साथ कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा भी मौजूद रही। बैठक की शुरुआत से पूर्व गुजरात विमान हादसे के मृतकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रृद्धांजलि दी गई। चौधरी ने संबंधित अधिकारी को पंच, सरपंच, जिला परिषद के सदस्य को ट्रेनिंग करवाने के निर्देश ताकि ट्रेनिंग करके अन्य लोगों को जागरूक कर सके। उन्होंने जिला में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के बारे में विस्तार से संबंधित अधिकारी से फीडबैक लिया और जिले में और ज्यादा जन औषधि स्टोर का टारगेट पूरा करने के निर्देश दिए।
चौधरी ने कहा कि सरकार की योजनाओं की जानकारी पंचकूला जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करें ताकि लोगों को योजनाओं की जानकारी हो। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता समीर शर्मा को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिस क्षेत्र में पेयजल की समस्या संज्ञान में आती हैं, उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के स्कूल और कॉलेज गांव व शहरों में महिलाओं और युवतियों में होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक हिस्सा लेकर उनमें आत्मनिर्भरता पैदा करें। साथ ही पुलिस विभाग स्कूल, कॉलेजों की छुट्टी के समय सिविल ड्रेस में विजिट करे और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें। इस मौके पर नगर निगम मेयर कुलभूषण गोयल, जिला बीजेपी अध्यक्ष अजय मित्तल, जिला परिषद चेयरमैन सुनील, नगर परिषद कालका चेयरमैन कृष्ण लाम्बा, एडीसी निशा यादव, नगर निगम कमिश्नर अपराजिता, एसडीएम चंद्रकांत कटारिया सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।