चंडीगढ़। सांसद मनीष तिवारी ने अपने संसदीय कोटे से जारी ग्रांट के तहत खरीदी गई पांच ई-गोल्फ कार्ट वीरवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एडवोकेट्स को भेंट की। इस अवसर पर पंजाब और हरियाणा बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए तिवारी ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में कानूनी भाईचारे का महत्वपूर्ण योगदान है जो आम लोगों को न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में हाईकोर्ट की किसी भी इंफ्रास्ट्रक्चर संबंधी आवश्यकता को पूरा करने में हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।वहीं, उन्होंने आह्वान किया कि वे इस विषय पर चर्चा शुरू करें कि साल 2050 में चंडीगढ़ कैसा होना चाहिए ताकि भविष्य की जरूरतों के हिसाब से कदम उठाए जा सकें। ई-गोल्फ कार्ट के बारे में उन्होंने कहा कि ये हाईकोर्ट में आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाने में बहुत मददगार साबित होंगी। इस दौरान पंजाब एवं हरियाणा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सरताज सिंह नरूला, उपाध्यक्ष नीलेश भारद्वाज, ऑनरेरी सेक्रेटरी गगनदीप जम्मू, संयुक्त सचिव भाग्यश्री सेतिया, कोषाध्यक्ष हरविंदर सिंह मान, हाई कोर्ट के पूर्व जज अजय तिवारी, चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रधान एचएस लक्की, पूर्व मेयर रविंदर पाल सिंह पाली, सीनियर कांग्रेस नेता चंद्र मुखी शर्मा भी मौजूद रहे।