राज्यसभा सांसद चौधरी बीरेंद्र सिंह भाजपा में शामिल होने से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार का गुणगान करते नजर आए।
उन्होंने एक तरफ जहां कार्यकर्ताओं को भाजपा की ताकत का एहसास कराया, वहीं दूसरी तरफ 10 दिनों के अंदर कांग्रेस से और कई दिग्गज नेताओं के बागी होने के भी संकेत दिए।
कांग्रेसी नेताओं के बगावती सुर को हवा देते हुए चौधरी ने कहा कि कुमारी सैलजा पार्टी में रहकर यदि लड़ाई तेज करती हैं तो वह बाहर से समर्थन देने को तैयार हैं।
वह 16 अगस्त को जींद में होने वाली हरियाणा निर्माण रैली के मद्देनजर सोमवार को सेक्टर-छह स्थित जाट धर्मशाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
कभी नहीं टूटेगा सीएम बनने का सपना : बीरेंद्र
उन्होंने कहा कि आज भाजपा इतनी सक्षम हो चुकी है कि हरियाणा के सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। पहली बार ऐसा मौका है जब हरियाणा में बदलाव की स्थायी राजनीति होगी। हरियाणा जनहित कांग्रेस और भाजपा के गठबंधन से दोनों ही पार्टियों को फायदा मिलेगा।
भाजपा में जाने के बाद खुद को सीएम के तौर पर प्रोजेक्ट करने के सवाल पर चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद ही इस पर विचार किया जाएगा, लेकिन सीएम बनने का सपना कभी नहीं टूटेगा।
उन्होंने सोनिया गांधी के साथ मुलाकात और अलग पार्टी बनाए जाने की सलाह के लगे आरोप पर कुछ भी साफ नहीं किया, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री पर निशाना साध गए।
हरियाणा के विकास में शामिल होने का नारा
चौधरी बीरेंद्र सिंह ने भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद की राजनीति से ऊपर उठकर नए सिरे से हरियाणा के विकास में शामिल होने का नारा देकर रैली में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह रैली एक संगठन की ओर से आयोजित की जाएगी और इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। उन्होंने युवा शक्ति बदलाव की ओर के प्रदेश महासचिव विभोर बत्तरा की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसी युवा शक्ति की बदौलत ही प्रदेश में बदलाव की राजनीति को नई दिशा दी जा सकती है।
कार्यक्रम से आधा घंटा पहले ही पावर कट
जाट धर्मशाला में कार्यक्रम की शुरुआत होने से करीब आधा घंटे पहले ही बिजली गुल हो गई। इससे लोगों का बैठना भी मुश्किल हो गया था। इस दौरान जब राष्ट्रगान गाया जा रहा था, तभी माइक्रोफोन की आवाज बंद हो गई, लेकिन लोगों ने राष्ट्रगान जारी रखा।