जाट समाज के लोगों ने कहा कि उन्हें अपना आरक्षण का हक पाने के लिए ट्रेन रोकनी पड़े या ट्रेन की पटरी उखाड़नी पड़े पीछे नहीं हटेंगे। अपना हक हासिल करने के लिए किसी भी तरह के आंदोलन को अंजाम देंगे।
आंदोलन की अंतिम रणनीति 22 को जींद में होने वाली महासभा में किया जाएगा। अखिल भारतीय जाट महासभा के प्रतिनिधियों की बैठक शुक्रवार को हिसार के जाट धर्मशाला में हुई।
बैठकी अध्यक्षता सभा के जिला प्रधान दलजीत सिंह पंघाल ने की। बैठक का संचालन ईश्वर मोर ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि 22 मार्च को जींद में होने वाली सभी खापों और जाट संगठनों द्वारा जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसी के अनुसार हिसार समिति आगे बढे़गी। बैठक मे अधिक से अधिक प्रतिनिधियों को जींद पहुंचने के लिए न्यौता दिया गया।
मीडिया से बातचीत में जाट सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि आरक्षण जाट समाज का हक है। इसे किसी कीमत पर खोने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें रेल की पटरी रोकनी पड़े या ट्रेन की पटरी उखाड़नी पड़े, हम पीछे नहीं हटेंगे।
बैठक में जींद जिलाध्यक्ष चंद्र सिंह चहल, शमशेर नंबरदार प्रदेश महासचिव, प्रदेश उपाध्यक्ष राजबीर सहरावत, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह भगाणा, हांसी ब्लॉक प्रधान प्रताप सिहाग, बरवाला ब्लॉक प्रधान रामपाल मिर्जापुर, प्रचार सचिव रणबीर फौजी लाडवा, सचिव सोमबीर भगाणा, आजाद नगर ब्लॉक प्रधान वजीर सिवाच समेत कई जाट नेता मौजूद रहे।