चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मलोया स्थित चांदनी चौक के पास यह हादसा हुआ है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बाद में बस चालक मोहाली के गांव हसनपुर निवासी आरोपी गुरविंदर सिंह को जमानत पर रिहा कर दिया।
सेक्टर-41 स्थित बुटरेला निवासी शिकायतकर्ता 56 वर्षीय सुखविंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार सहित रहते हैं। डायरी कांप्लेक्स मलोया में दूध का काम करते हैं। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनका बेटा मोहन सिंह (38) बाइक पर उनके आगे चल रहा था। वह खुद भी बाइक पर थे। तभी सीटीयू बस ने बेटे की बाइक को टक्कर मार दी।
जब बेटा चांदनी चौक क्रॉस कर रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार सीटीयू बस ने लापरवाही से चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोहन सिंह सड़क पर गिर गया और उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। हादसा देख उन्होंने तुरंत अपनी बाइक साइड में खड़ी की और बेटे को देखने लगे।
शिकायतकर्ता के अनुसार बस चालक तेज रफ्तार था और बिना इंडिकेटर और बिना होर्न बजाय लापरवाही से बस चलाने की वजय से यह हादसा हुआ। वहीं हादसे के बाद सीटीयू बस चालक मौके पर रुक गया, जिसने अपना नाम गुरविंदर सिंह बताया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पीसीआर ने घायल को तुरंत सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर बस कब्जे में ले ली।