चंडीगढ़। सेक्टर-26 नारी निकेतन के पास शुक्रवार सुबह करीब पौने दस बजे हुए एक सड़क हादसे में 65 साल की बुजुर्ग की मौत हो गई। महिला की पहचान सेक्टर-7 बी की माया देवी के रूप में हुई है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त महिला अपने बेटे विनोद के साथ मोटरसाइकिल पर दवाई लेने जा रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात बाइक सवार उन्हें टक्कर मारकर फरार हो गया। हादसे में माया देवी के सिर पर गंभीर चोटें आई और उन्हें पीजीआई पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी आरोपी की तलाश कर रही है।
दूसरे हादसे में एक्टिवा चालक समेत दो घायल
वहीं, एक अन्य सड़क हादसे में मलोया थाना पुलिस ने आपराधिक धाराओं और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। यह केस सेक्टर-38 वेस्ट के राजू नामक युवक की शिकायत पर दर्ज हुआ है। उन्होंने शिकायत में कहा कि मलोया की इडब्ल्यूएस कॉलोनी, मलोया का राजन गुप्ता पंजाब नंबर के ऑटो में था जिसने उनकी चंडीगढ़ नंबर की एक्टिवा को टक्कर मार दी। मलोया के शनि मंदिर के पास 23 मई को यह हादसा हुआ था। वहीं, मामले में एक्टिवा पर बैठे साहिल और आशीष को भी चोटें आईं। इन्हें सेक्टर-16 सरकारी अस्पताल भर्ती करवाया गया। पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को जमानत पर छोड़ दिया।