पत्नी की मौत के बाद ससुराल वालों की ओर से परेशान किए जाने पर डाबा के सतगुरु नगर इलाके में रहने वाले मनीष ने अपनी मां के साथ फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब मकान मालिक को अंदर से कोई हरकत नजर नहीं आई तो उसने खिड़की से झांका। सूचना मिलते ही थाना डाबा की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले में मनीष की सास, ससुर, छह साले, पांच सालेहार और एक साली के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है।
मनीष प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था। उसकी शादी 2017 में मनीमाजरा की रहने वाली ममता के साथ हुई थी। मनीष के पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। दो भाई भी पहले मर चुके हैं। मनीष अपनी मां और पत्नी के साथ रहता था। आसपास के लोगों का कहना है कि मनीष बहुत अच्छा था। वह अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता था लेकिन ससुराल वालों से कम ही बनती थी।
यह भी पढ़ें- अभिनेता आयुष्मान खुराना ने खरीदी सेक्टर-6 पंचकूला में आलीशान कोठी, पत्नी के साथ पहुंचे तहसील
मनीष की पत्नी कुछ समय से बीमार चल रही थी। मायके वाले उसे लेकर चले गए थे। नौ जून को वह लेकर गए और 19 जून को ममता की मौत हो गई। जब मनीष और उसकी मां को इस बारे में पता चला तो वह भी रिश्तेदारों के साथ ममता के अंतिम संस्कार में गए थे।
अंतिम संस्कार के दौरान ससुराल वालों ने मनीष और उसकी मां पर कई गंभीर आरोप लगाए और इलाज न कराने की बात कही। वहां मां-बेटे के साथ मारपीट भी की गई। ससुराल में हुई बेइज्जती मनीष सहन नहीं कर पा रहा था। लॉकडाउन में नौकरी चली गई और बीमार पत्नी का इलाज नहीं करा पाया तो उसकी भी मौत हो गई।
रिश्तेदारों ने भी मामले में कुछ नहीं किया। मनीष के ससुराल वाले उसे फोन पर कार्रवाई करने की धमकी दे रहे थे और परेशान कर रहे थे। इसी वजह से दोनों ने एक ही रस्सी से आत्महत्या कर ली। थाना डाबा के एसएचओ इंस्पेक्टर पवित्र सिंह ने बताया कि ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।