दंगे के बाद 38 दिन तक फरार रहते हुए हनीप्रीत बठिंडा में (गांव जंगी राणा) जिस परिवार के साथ रही, वहां से मां-बेटे को एसआईटी ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर हनीप्रीत को पनाह देने का आरोप है। घर से पुलिस को कुछ और भी सबूत मिले हैं, जिसके आधार पर छानबीन चल रही है।
पुलिस ने 51 वर्षीय शरणजीत कौर और 22 वर्षीय गुरमीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिन्हें मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक फरार रहते हुए हनीप्रीत ने नौ सितंबर से दो अक्तूबर के दौरान गांव जंगी राणा में पनाह ले रखी थी। एसीपी मुकेश मल्होत्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों के घर में ही हनीप्रीत रुकी थी। इससे पहले भी निशानदेही के लिए उसे बठिंडा ले जाया गया था।