चंडीगढ़। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सौरभ अरोड़ा ने दावा किया है कि घर-घर से सूखा और गीला कचरा उठाने वाले ज्यादातर कर्मचारियों से विवाद को सुलझा लिया गया है। कुछ कर्मचारियों से बातचीत चल रही है, उन्हें भी जल्द मना लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम समय से सभी 390 गाड़ियों को शहर में चलाएंगे। इसके लिए स्मार्ट सिटी से जैसे-जैसे गाड़ियां मिल रही हैं, वैसे-वैसे अलग-अलग फेज में चला रहे हैं।
22 फरवरी को शहर में अलग-अलग फेज में सूखा व गीला कचरा अलग-अलग लेने के लिए गाड़ियां चलाई गईं। इस दौरान निगम के अधिकारियों व स्वच्छता कमेटी के चेयरमैन राजेश कालिया ने दावा किया था कि सभी कर्मचारियों से मामला सुलझा लिया गया है लेकिन कुछ कर्मचारी गाड़ियों के विरोध में राजभवन पहुंच गए। संयुक्त आयुक्त का कहना है कि कर्मचारियों की मांगों को संशोधित करके उन्हें माना गया है। कुछ और समस्या होगी तो उसे भी जल्द सुलझा लेंगे। हमारा लक्ष्य है कि 15 जनवरी तक पूरे शहर में गाड़ियां संचालित कर दें। ताकि अगले सत्र के स्वच्छता अभियान के लिए शहर मजबूती से दावेदारी पेश कर सके और बेहतर रैंकिंग मिल सके।