चंडीगढ़ में एक साथ सात हजार लोगों ने स्वच्छता ऐप डाउनलोड की, लेकिन एक तोहफे के लिए और यह उन्हें नए साल तक मिलेगा। हुआ यूं कि चंडीगढ़ की पेड पार्किंगों में मोबाइल पर स्वच्छता एप दिखाकर 7 हजार लोगों ने अपने वाहन मुफ्त पार्क किए। पेड पार्किंग के बाहर ही चालकों ने अपनी कार और वाहनों पर बैठकर स्वच्छता एप डाउनलोड किया। नगर निगम के अनुसार बुधवार को ही 7000 लोगों ने एप डाउनलोड किया है।
मंगलवार को 2300 शहरवासियों ने एप डाउनलोड किया था। इस बार सिर्फ इसलिए नगर निगम ज्यादा से ज्यादा एप डाउनलोड करवा रहा है ताकि फीडबैक की कैटेगरी में चंडीगढ़ पीछे न रह जाए। पिछली बार लोगों की फीडबैक न मिलने के कारण ही चंडीगढ़ स्वच्छता सर्वेक्षण में दूसरे से गिरकर 11 वे नंबर पर पहुंच गया था। स्वच्छ सर्वेक्षण 2017 के परिणाम में सिर्फ 3200 लोगों ने ही एप डाउनलोड किया था, लेकिन अभी तक कुल 23 हजार शहरवासी एप को डाउनलोड कर चुके हैं जबकि अभी 31 दिसंबर तक का समय है।
कमिश्नर जितेंद्र यादव, अतिरिक्त कमिश्नर सौरभ मिश्रा, अनिल गर्ग, ज्वाइंट कमिश्नर तेजदीप सैनी खुद अन्य कर्मचारियों के साथ काम छोड़कर फील्ड में सुबह 8 बजे से ही डट गए। पेड पार्किंगों के सभी प्रवेश द्वार पर एप डाउनलोड करके निशुल्क पार्किंग की सुविधा के सूचना बैनर लगाए गए हैं। वहीं पीयू, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और सार्वजनिक स्थलों पर नगर निगम के अधिकारियों ने स्वच्छता एप डाउनलोड करवाने के लिए जागरूक किया। 31 दिसंबर तक एप को डाउनलोड करने की संख्या स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 के मान्य होगी।
मंगलवार और बुधवार को काफी अच्छा रिस्पांस मिला है। दो दिन में ही करीब 9300 लोगों ने स्वच्छता एप डाउनलोड किया है। एप डाउनलोड करके निशुल्क वाहन पार्क करने की सुविधा नए साल तक जारी रहेगी।
- सौरभ मिश्रा, अतिरिक्त कमिश्नर