इस बार लोगों को मानसून का इंतजार नहीं करना पड़ा। तय समय से एक दिन पहले मानसून ने चंडीगढ़ समेत पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही शहर में बारिश का दौर शुरू हो गया है। वीरवार को करीब 20 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। बारिश से तापमान भी नीचे आया है। हालांकि इसके साथ उमस भी बढ़ी है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि 29 जून को शहर में अच्छी बारिश के आसार हैं।
दो जुलाई तक बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। आमतौर पर मानसून 29 या 30 जून के आसपास शहर में दाखिल होता है लेकिन इस बार एक दिन पहले ही मानसून पहुंच गया है। हालांकि पिछले दो सालों से जुलाई के पहले हफ्ते में मानसून पहुंच रहा था। तीन सालों में पहली बार है कि समय से पहले मानसून ने एंट्री मारी है। मानसून के पहले दिन 20 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है।
किस साल कब आया मानसून
साल मानसून पहुंचने की तारीख
2012 06 जुलाई
2013 16 जून
2014 02 जुलाई
2015 25 जून
2016 02 जुलाई
2017 03 जुलाई
पांच साल में सबसे बेहतर मानसून की संभावना
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि इस बार मानसून सामान्य रहेगा। इसके तहत 100 प्रतिशत बारिश होने के चांस हैं। चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने बताया कि जिस तरह से मानसून की संभावना जताई गई है, उसके मुताबिक शहर में जून से लेकर सितंबर तक 830 एमएम बारिश होने की संभावना है, जो पांच साल में सबसे अधिक रहेगा।
किस साल कितनी बारिश कितनी कमी
2017 343 एमएम 116 एमएम
2016 337 एमएम 122 एमएम
2015 289 एमएम 170 एमएम
2014 200 एमएम 259 एमएम
2013 357 एमएम 102 एमएम
अच्छे मानसून से शहर को क्या फायदा
मौसम विभाग के मुताबिक अच्छा मानसून रहा तो शहर को कई फायदे होंगे। शहर के ग्राउंड वाटर का स्तर बढ़ेगा। समय-समय पर बारिश होती रही तो लोगों को गर्मी से निजात मिलेगी। सुखना लेक का जल स्तर अपने सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच जाएगा। शहर के पेड़ पौधों को भरपूर पानी मिलेगा और वे हरे-भरे रहेंगे।
मानसून में सतर्क भी रहना होगा
मानसून के साथ सिर्फ राहत ही नहीं आती बल्कि अपने साथ कई परेशानियां भी लाती है। मानसून सीजन के साथ डेंगू, मलेरिया और डायरिया का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही सांपों के भी निकलने की संभावना रहती है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह अपने आसपास पानी जमा न होने दें। कुछ भी खाने से पहले हाथ को अच्छी तरफ से साफ करें। पानी उबाल कर पीएं। बाहर के खाने से परहेज करें। झाड़ियों और जंगलों में जाने से बचें। इस मौसम में सांपों के काटने केस बढ़ जाते हैं।
मौसम विभाग चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने बताया कि, शहर में मानसून प्रवेश कर चुका है। आज भी बारिश होगी। दो जुलाई तक बादल छाए रहेंगे। इस बार पांच सालों में अच्छी बारिश की संभावना है।