शहर में बढ़ रही ट्रैफिक समस्या और अपराध रोकने का समाधान ढूंढने के लिए पुलिस कमिश्नर राजबीर देसवाल कालका थाने पहुंचे।
उन्होंने पुलिस-पब्लिक मीटिंग कराई और समस्याओं का हल निकालने के लिए स्थानीय लोगों की भी राय ली। इस दौरान स्थानीय लोगों ने वही मुद्दे उठाए, जिन्हें ‘अमर उजाला’ ने खबरों के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाने की कोशिश की थी। इनमें ऑटो चालकों की मनमानी और अवैध पार्किंग से बढ़ रही जाम की समस्या प्रमुख थी।
पुलिस कमिश्नर ने इन समस्याओं को जल्द दूर करने का आश्वासन देते हुए एसीपी कुशल पाल राणा को निर्देश दिए कि 15 दिसंबर के बाद ऑटो चालकों की बैठक बुलाकर किराया तय करें और जो भी ऑटो या टैक्सी चालक ओवरलोडिंग करता दिखे, उसकी गाड़ी को तुरंत इंपाउंड करें।
उन्होंने डीसीपी पंचकूला अश्विन शेणवी भी को निर्देश दिए कि वह 15 दिन बाद शहर की ट्रैफिक समस्या का खुद जायजा लें।
इस मौके पर नगर-निगम के सीनियर डिप्टी मेयर संगत सिंह नंदा, उजाला बख्शी, सुषमा रावल, कुलवीर सिंह राणा भी मौजूद रहे।
ये समस्याएं बताईं
कालका कमेटी चौक, काली माता मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग, एसडीएम ऑफिस की ओर जाने वाली सड़क, रामबाग रोड पर ऑटो-टैक्सी की अवैध पार्किंग।
ऑटो चालकों द्वारा मनमाने ढंग से किराया बढ़ाना।
चालकों द्वारा सवारियों से दुर्व्यवहार।
ऑटों व टैक्सी में क्षमता से अधिक सवारियां भरना।
नाबालिग को आटो चालक रखना।
आटो में ऊंची आवाज में गाना चलाना।
रांग साइड पर ऑटो-टैक्सी पार्क करना।
कहीं भी ऑटो-टैक्सी को खड़ा कर देना।
ऑटो चालक हैं कि मानते ही नहीं
एक तरफ कमिश्नर ऑफ पुलिस ट्रैफिक कंट्रोल व ऑटो चालकों पर लगाम लगाने की रणनीति बना रहे थे, वहीं दूसरी तरफ सड़कों पर ऑटो चालकों द्वारा अवैध पार्किंग करने का सिलसिला बदस्तूर जारी था।
एसडीएम कोर्ट की ओर जाने वाली सड़क पर वीरवार को भी आटो की अवैध पार्किंग का नजारा दिखा।