चंडीगढ़ में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ बसों में महिलाओं से छेड़छाड़ रोकने के लिए यूटी प्रशासन ने सभी यात्री वाहनों में पैनिक बटन लगवाने का फैसला किया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि अब जो भी नए वाहन आएंगे, उनमें पैनिक बटन लगाना अनिवार्य होगा। नए वाहनों में पैनिक बटन लगने के बाद ही रजिस्ट्रेशन की क्लीयरेंस मिलेगी।
इसके अलावा पुराने वाहनों को तीन माह के अंदर पैनिक बटन लगवाने केनिर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से जारी निर्देश में कहा गया कि जो पुराने वाहन तीन माह के अंदर पैनिक बटन नहीं लगाते हैं, उनका रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया जाएगा। इस संदर्भ में सीटीयू के एक अफसर ने बताया कि बसों में छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने केलिए सभी बसों और ऑटो के साथ अन्य यात्री वाहनों में पैनिक बटन लगवाने का फैसला लिया गया है।
इससे लोग सुरक्षित सफर का आनंद ले सकेंगे। सीटीयू अफसर की मानें तो अब जो भी नए वाहन आएंगे, उन्हें पैनिक बटन लगवाना अनिवार्य होगा। नए वाहनों का तभी रजिस्ट्रेशन क्लीयर किया जाएगा, जब पैनिक बटन का सर्टिफिकेट होगा। इसकेसाथ पुरानी बसों या फिर ऑटो को अगले तीन महीने में पैनिक बटन लगवाने के निर्देश दिए हैं।