फेज-चार में कोठी मालिक द्वारा सफाई मुलाजिम को पीटने का मामला गरमा गया है। मुलाजिम के पक्ष में पूरे जिले के सफाई मुलाजिम उतरे आए हैं। मुलाजिमों का आरोप है कि पुलिस व प्रशासन के अधिकारी इस मामले में बनती कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इलाके के पार्षद भी आरोपी को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
मुलाजिमों ने साफ किया है कि अगर जल्द आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। साथ ही कोठी मालिक पर ड्यूटी पर तैनात मुलाजिम को पीटने और विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज नहीं किया गया, तो मुलाजिम सात जुलाई से शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह से ठप कर देंगे। कोई भी मुलाजिम काम नहीं करेगा।
इस दौरान किसी भी प्रकार का नुकसान होता है तो उसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को सफाई मजदूर फेडरेशन की एक आपात मीटिंग हुई। इसमें मुलाजिमों के प्रमुख नेता सज्जन सिंह व फेडरेशन के सूबा सीनियर उप प्रधान मोहन सिंह समेत कई नेता मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि सफाई मुलाजिम राकेश पर आरोपी ने हमला उस समय किया, जिस समय वह ड्यूटी पर था। सफाई मुलाजिम ने आरोपी को कोई गलत चीज नहीं कहीं थी। दूसरी तरफ आरोपी ने बाल्मीकि समाज के प्रति भी गलत शब्द बोले हैं।
उन्होंने बताया कि मुलाजिम गंभीर हालत में फेज-छह स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती है। जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहा है। फेडरेशन के नेताओं ने बताया कि सात जुलाई को मुलाजिम काम बंद कर प्रबंधकीय कांप्लेक्स का घेराव करेंगे। इतना ही नहीं यह हड़ताल राज्य के अन्य जिलों में होगी।
वहीं, उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की तरफ से क्लास फोर मुलाजिमों के साथ किए जा रहे गलत व्यहार के विरोध में सात जुलाई से मुलाजिम भूख हड़ताल व प्रदर्शन शुरू करेंगे। यह प्रदर्शन 10 जुलाई तक जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि फेज-छह स्थित बागबानी विभाग के डायरेक्ट्रोरेट ने भी 185 मुलाजिमों की पोस्ट खत्म कर दी है। उन्हें भी संघर्ष का अल्टीमेटम दे दिया गया है।
यह था मामला
तीन जुलाई को सफाई मुलाजिम फेज-4 के इलाके में सफाई कर रहे थे। जब वह पांच सौ नंबर वाली लाइन में पहुंचे तो उन्होंने एक निर्माणाधीन घर के बाहर सफाई की। साथ ही मकान मालिक से कहा कि उन्होंने सफाई कर दी है। अब दोबारा गंदगी सड़क पर न फेंके। इस बात पर मकान मालिक भड़क गया था। उसने पहले सफाई मुलाजिम से गाली गलौच की। इसके बाद राकेश नाम के मुलाजिम पर हमला कर दिया था। उसने उसके सिर पर रॉड मारकर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया था।