वीआईपी शहर की पुलिस वेबसाइट पाकिस्तान के अज्ञात ग्रुप द्वारा हैक करने का मामला सामने आया है। गूगल सर्च इंजन पर वेबसाइट का लिंक हैक किया हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं, इसमें पाकिस्तान जिंदाबाद लिखा गया है।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि भारत सरकार कुलभूषण जाधव के केस में दबाव न बनाए। मामले में एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने कहा कि मामले की जांच करवाई जा रही है। साइबर एक्सपर्ट की मदद ली गई है।
जानकारी के मुताबिक, गूगल पर मोहाली पुलिस की वेबसाइट का लिंक एसएएसनगरपुलिसडॉट इन लिखने पर वेबससाइट लिंक हैक हुई दिखाई दे रही है। उसके आगे क्लिक करने पर यह साइट डेटा बेस कनेक्टिविटी भी नहीं दिखा रही है। आईटी एक्सपर्ट की माने तो सीधे तौर पर यह हैकिंग का मामला है।
ऐसा लगता है कि किसी ने इस साइट पर जाकर छेड़छाड़ की है। हालांकि थोड़ी देर के बाद पेज खुल रहा है। वहीं, आईटी विभाग के जानकारों की माने तो कोई शरारती तत्व अभी भी इसे हैक करने की फिराक में है। हालांकि पता चला है वेबसाइट के डॉटा से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं हुई है।
जिक्रयोग है कि यह अपनी तरह का पहला मामला है। जब राज्य के किसी सरकारी विभाग की वेबसाइट को हैक करने की कोशिश की गई है। दूसरी तरफ यह बात भी सामने आ रही है कि 2016 से पाकिस्तान लगातार पंजाब को निशाना बना रहा है। पठानकोट एयरबेस पर हमला हुआ। इसके बाद अब यह मामला सामने आया है।