चंडीगढ़। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चंडीगढ़ पुलिस शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इसके लिए शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था की जांच और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए पुलिस की ऑपरेशन सेल टीम ने सेक्टर-10 के माउंट व्यू होटल में डमी बम होने की सूचना पर मॉकड्रिल कर इमरजेंसी से निपटने के लिए अभ्यास किया। इस दौरान होटल के ग्राउंड फ्लोर पर कमरा नंबर-124 में बम डिस्पोजल टीम को एक डमी बम मिला, जिसे बाद में सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया।
इस मॉकड्रिल का उद्देश्य किसी भी आतंकी हमले या आपातकालीन स्थिति में सभी संबंधित एजेंसियों की तैयारियों और आपसी तालमेल की जांच करना था। पुलिस कंट्रोल रूम को एक सूचना मिली कि माउंट व्यू होटल में बम रखा गया है। अलर्ट मिलते ही ऑपरेशन सेल, थाना पुलिस, पीसीआर, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, दमकल विभाग, एम्बुलेंस, फॉरेंसिक टीम समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने होटल को तुरंत खाली कराया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। होटल में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बम स्क्वॉड को कमरा नंबर 124 में डमी बम मिला, जिसे ड्राम में डालकर सेक्टर-26 पुलिस लाइन ले जाया गया और मिट्टी की बोरियों के नीचे दबाकर निष्क्रिय किया गया। इस दौरान सभी विभागों ने बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने इसे पूरी तरह सफल बताया और कहा कि इस तरह की ड्रिल्स भविष्य में भी समय-समय पर आयोजित की जाएंगी ताकि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियां दुरुस्त रहें।