हो सकती है तीन साल तक की सजा
पंजाब में लगभग एक हफ्ते से कृषि कानूनों के विरोध में जियो के मोबाइल टावरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। शुरुआत में कोई कार्रवाई न होने पर प्रदर्शनकारियों के हौसले बुलंद होते गए। तीन दिन में क्षतिग्रस्त मोबाइल टावरों की संख्या दोगुनी हो गई है। 25 दिसंबर को क्षतिग्रस्त टावरों की संख्या लगभग 700 थी। अब यह आंकड़ा बढ़कर 1561 के पार पहुंच गया है। इंडियन टेलीग्राफ एक्ट 1885 की धारा 25 के मुताबिक टेलीकॉम संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर तीन साल की सजा का प्रावधान है।
अब कार्रवाई की तैयारी
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह एक्शन मोड में आ गए हैं और उन्होंने चेतावनी दी है कि संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। कैप्टन ने कहा कि संचार साधनों को नुकसान पहुंचाना छात्रों, खासकर बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने वाले और कोविड महामारी की वजह से घर से काम करने वाले पेशेवरों के लिए नुकसानदायक होगा।
कई स्थानों पर इंटरनेट सेवा ठप
फिरोजपुर जिले के गांव हजारा सिंह वाला, टिब्बी, राऊके हिठाड़, मल्लांवाला और खाईफेमीकी में जियो टावर बंद होने से कई जगहों पर इंटरनेट सेवा ठप हो चुकी है। इससे ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। मल्लांवाला (फिरोजपुर) के रहने कृष्ण कुमार कटारिया ने बताया कि जियो टावर बंद होने से इंटरनेट की काफी दिक्कत आ रही है। बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई चल रही है, टावर बंद होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पिछले तीन दिन से मल्लांवाला में इंटरनेट की काफी दिक्कत आ रही है।
ममदोट के गुरमेज सिंह कहते हैं कि गांव हजारा सिंह वाला, टिब्बी व रारूके हिठाड़ में टावर के कनेक्शन काट देने से इंटरनेट बंद है। उनका बच्चा अर्शदीप सिंह पांचवीं में पढ़ता है, इंटरनेट ठप होने से ऑनलाइन पढ़ाई नहीं हो पा रही है। शहर में भी सिग्नल की समस्या आ रही है। मोबाइल फोन पर बात करो तो बीच में ही फोन कट जाता है।
हमने अपील की थी कि जियो कनेक्शन का बहिष्कार करें। किसी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का यूनियन का कोई कार्यक्रम नहीं है। यूनियन ऐसे किसी व्यक्ति का सहयोग नहीं करती जो किसी की संपत्ति का नुकसान कर रहे हैं। इस मामले में यूनियन ने पुलिस व सरकार को भी अपने रूख की जानकारी दे दी है। - जोगिंदर सिंह उगराहां, प्रदेश अध्यक्ष, भाकियू एकता उगराहां, पंजाब।
मोबाइल टावर कनेक्शन काटने के विरोध में हरियाणा भाकियू
भारतीय किसान यूनियन हरियाणा ने पंजाब में जियो के मोबाइल टावर कनेक्शन काटने का विरोध किया। यूनियन के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि वह टावर कनेक्शन काटने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने जियो के सिम पोर्ट करने के लिए कहा है। हरियाणा में किसी टावर का कनेक्शन नहीं काटेंगे। संगठन सिर्फ जियो सिम पोर्ट करने के लिए ही किसानों को प्रेरित करेगा।