चंडीगढ़। शहर में आए दिन झपटमारी की वारदातें सामने आ रही हैं। खासकर शहर के बाहरी सेक्टरों में वारदातें ज्यादा हो रही हैं। शनिवार को सेक्टर-33 और सेक्टर-38ए में झपटमारी की वारदातें हुई हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में बुड़ैल निवासी 15 साल के किशोर ने बताया कि वह सेक्टर-33/45 लाइट प्वाइंट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वहां एक बाइक पर सवार दो युवक आए और उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। उसने सेक्टर-34 थाना पुलिस को इस वारदात की शिकायत दे दी है। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरे मामले में सेक्टर-38 निवासी एक महिला ने बताया कि वह सेक्टर-38ए में किसी काम से गई थी। वहां पर एक अज्ञात व्यक्ति अचानक आया और उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। उसने सेक्टर-39 थाना पुलिस को इसकी सूचना दे दी है। दोनों ही मामलों में पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।