चंडीगढ़। सेक्टर-56 स्थित बस स्टॉप के पास दो युवकों ने सैर कर रहे बुजुर्ग को थप्पड़ मारकर मोबाइल, सोने की बाली और नकदी लूट ली। आरोपियों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया, जब बुजुर्ग मोबाइल पर बात कर रहा था। मामले की सूचना पर पहुंची सेक्टर 39 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट की धारा में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
वारदात बीते वीरवार दोपहर करीब 3.30 बजे की है। पुलिस को दी शिकायत में शिव सिंह ने बताया कि वह सेक्टर-56 स्थित मकान नंबर 2845 में परिवार समेत रहते हैं। दोपहर को घर के पास सैर करने गए थे। तभी उनके मोबाइल पर किसी का फोन आया। मोबाइल पर बात करते करते बस स्टॉप के पास पहुुंचा तो दो युवकों ने उनका रास्ता रोककर मोबाइल छीन लिया। विरोध किया तो उन्होंने थप्पड़ मार कान से सोने की बाली और जेब से 150 कैश लूटकर फरार हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पलसोरा चौकी पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि वारदात स्थल और आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। बता दें कि शहर में अलग-अलग जगहों पर पीसीआर समेत चीता स्क्वॉड गश्त करती है इसके बावजूद बेखौफ लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया।