हरियाणा के कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि राज्य सरकार मनरेगा के तहत केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित मजदूरी 259 रुपये से बढ़ाने पर विचार कर रही है। राज्य सरकार 70-75 रुपये की वृद्धि करने पर विचार कर रही है। हरियाणा राज्य रोजगार गारंटी परिषद के एक गैर-सरकारी सदस्य की ओर से मनरेगा के तहत फसल कटाई को भी शामिल करने का सुझाव दिया गया।
जिसकी सराहना करते हुए मंत्री ने इसे अनुमति के लिए केन्द्र सरकार को भेजने की बात कही। धनखड़ बुधवार को सेक्टर-तीन स्थित हरियाणा निवास में ग्रामीण विकास विभाग की बुलाई गई राज्य स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की तीसरी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
इसी बीच धनखड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि पंचायतों को विकास कार्यों के लिए आवंटित किए जाने वाले फंड के अतिरिक्त न्यूनतम सेवाएं प्रदान करने के लिए एक से दूसरे हेड में फंड ट्र्रांसफर कर आवर्ती खर्चों की व्यवस्था करने की संभावनाओं का पता लगाएं। यह निकासी केवल मासिक आधार पर होनी चाहिए।
मंडियों में सरसों की जल्द शुरू होगी खरीद
चंडीगढ़। हरियाणा में हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन फेडरेशन लिमिटेड (हैफेड) रेवाड़ी, नारनौल और अटेली मंडियों में शीघ्र अपनी ऑयल मिलों के लिए सरसों की खरीद करेगा। हैफेड की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक संबंधित ऑयल मिलों के जीएम और डीएम सहित रेवाड़ी और नारनौल के डीओ तुरंत प्रभाव से तय मानकों के अनुसार सरसों की खरीद करने के आदेश दिए गए हैं। इन मंडियों में सुबह नौ बजे से सरसों की खरीद शुरू कर दी जाएगी।