दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी मौजूद रहेंगे
चंडीगढ़। बजट सत्र से पहले हरियाणा के सभी विधायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। अगले महीने होने वाला प्रशिक्षण शिविर दो दिन का होगा। इसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद रहेंगे। हरियाणा विधानसभा कार्यालय ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बुधवार को चंडीगढ़ सेक्टर-26 स्थित महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के महानिदेशक अनिरुद्ध तिवारी (आईएएस) से चर्चा कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के संबंध में बातचीत की।
विधानसभा स्पीकर ने ऑडिटोरियम और कॉन्फ्रेंस हॉल का निरीक्षण कर प्रशिक्षण संबंधी योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी विधायक हिस्सा लेंगे और विधायी कार्य की बारीकियों के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। पिछले दिनों विधानसभा स्पीकर ने इस संबंध में जानकारी साझा की थी कि बजट सत्र से पहले विधायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, प्रधान महालेखाकार शैलेंद्र विक्रम सिंह ने बुधवार को हरियाणा विधान सभा पहुंचकर विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने समितियों की कार्यप्रणाली समेत अनेक विषयों पर बातचीत की। प्रधान महालेखाकार ने इस संबंध में विस अध्यक्ष को विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान समितियों को प्रभावी बनाने और लोकहित के कार्य पूरे करने पर चर्चा हुई।