पंजाब के फिरोजपुर ग्रामीण से विधायक सतकार कौर शुक्रवार को थार जीप से चंडीगढ़ आईं। उनकी जीप (पीबी65टीसी-1662) सेक्टर-34 के शिक्षण संस्थान के समीप गलत पार्किंग में खड़ी देखकर ट्रैफिक पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। जांच में पता चला कि गाड़ी 2017 मॉडल है, लेकिन उसे पंजीकृत नहीं कराया गया।
एएसआई सरवन सिंह व अन्य ट्रैफिक कर्मियों ने चालक से ड्राइविंग लाइसेंस मांगा। इस पर चालक ने चंद दिन पहले ही बतौर ड्राइवर नौकरी पर लगने की बात कही। उसने कहा कि उसे नहीं पता कि गाड़ी कब खरीदी गई और उसका रजिस्ट्रेशन किन कारणों से नहीं कराया गया। चालक ने गाड़ी की मालकिन से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया। तो महिला ने अपनी पहचान पंजाब के फिरोजपुर रूरल की एमएलए सतकार कौर बताई।
पुलिस ने चालक जसप्रीत सिंह का ड्राइविंग लाइसेंस लेकर चालान काट दिया। इसी बीच चालक और एमएलए सतकार कौर के पास गाड़ी से संबंधित कोई भी दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने जीप को जब्त कर लिया। एएसआई सरवन सिंह ने कहा कि कानून सभी के लिए एक समान है। यातायात नियम का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जा सकता है।