लाठीचार्ज के दौरान गिरफ्तार किसानों की 24 घंटे में रिहाई न होने और एमएसपी पर सूरजमुखी की खरीद न शुरू होने पर हरियाणा शुगर फेडरेशन के चेयरमैन रामरकण काला ने गुरुवार को हरियाणा शुगर फेडरेशन के चेयरमेन पद से इस्तीफा दे दिया। अपने लेटर हेड पर लिखित इस्तीफा उन्होंने चंडीगढ़ में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को सौंपा और कहा कि यह चेयरमैनी भी उन्हें डिप्टी सीएम के माध्यम से मिली थी। उनका यह इस्तीफा स्वीकार होगा या नहीं, यह बाद में ही पता चल पाएगा।
विधायक काला ने कहा कि ऐसी चेयरमैनी का क्या फायदा है, जब कोई सुनवाई ही न हो और कोई बात ही न मानी जाए। बता दें कि किसानों पर लाठीचार्ज के बाद विधायक रामकरण काला सात मई को चंडीगढ़ में उपमुख्यमंत्री से मिले थे और गिरफ्तार किसानों की रिहाई और फसल की खरीद एमएसपी पर करने की मांग रखी थी और कहा था कि अगर 24 घंटे में यह मांग पूरी न हुई तो वह अपने चेयरमैन पद से इस्तीफा दे देंगे।