आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब की जगरावां से विधायक और विपक्ष की उप नेता बीबी सरबजीत कौर माणूके पर शुक्रवार देर शाम हुए हमले की सख्त निंदा करते हुए विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने मांग की है कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और इस मामले की तय समय में न्यायिक जांच कराई जाए।
चीमा ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते कहा कि इतना समय बीतने के बावजूद पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी, जबकि उन्होंने संबंधित जिला पुलिस को आरोपियों की कार की फोटो तक मुहैया कराई है।
चीमा ने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए तो पार्टी सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होगी। चीमा ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद नाजुक दौर में जा चुकी है, जिस कारण अपराधियों और समाज विरोधी तत्वों के हौसले बुलंद हैं। वहीं, कैप्टन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।