चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 से एमबीबीएस की पढ़ाई करने के इच्छुक अभ्यर्थियों में से आधे से अधिक के आवेदन फॉर्म में गड़बड़ी मिली है। कॉलेज की 195 सीटों के लिए चयनित अभ्यर्थियों में से 116 के फॉर्म में कोई न कोई कमी पाई गई है। किसी ने नोटरी से फॉर्म को अटेस्ट नहीं कराया है तो किसी ने पूर्व प्रिंसिपल से। चौंकाने वाली बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों में से एक ऐसा भी है, जिसने फार्म में अपना नाम ही गलत भरा है। जीएमसीएच-32 में पहली बार एमबीबीएस के चयनित अभ्यर्थियों के फॉर्म में इतनी ज्यादा गड़बड़ी पाई गई है। इससे कॉलेज प्रशासन भी चिंतित है। उन्हें इस बात का डर सता रहा है कि जो युवक फॉर्म भी ठीक से नहीं भर पा रहे है, वे डॉक्टरी की पढ़ाई और मरीजों का इलाज कैसे करेंगे। फार्म की गड़बड़ी के कारण ही इस बार एमबीबीएस के चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी नहीं हो पाई है।
जीएमसीएच-32 कॉलेज प्रशासन ने फॉर्म की गड़बड़ी को ठीक कराने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को 31 जुलाई दोपहर दो बजे तक का समय दिया है। उन्हें सभी सही दस्तावेजों के साथ जीएमसीएच-32 के ब्लॉक डी, सेकंड लेवल स्थित रजिस्ट्रार ऑफिस के कमरा नंबर 201 में जमा करने हैं। वेबसाइट पर दी गई सूचना के अंत में यह साफ लिखा गया है कि तय समय के बाद मामले पर कोई दलील या सुनवाई नहीं होगी। यह प्रक्रिया पूरी कर एक अगस्त को तीनों वर्गों में चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी।
बता दें कि एमबीबीएस की पहली काउंसलिंग तीन अगस्त को सराय बिल्डिंग स्थित सभागार में होनी है जबकि बीडीएस व बीएचएमएस की काउंसलिंग चार अगस्त को सराय बिल्डिंग में ही होगी। फिलहाल कॉलेज प्रशासन ने सेकंड काउंसिलिंग की तिथि जारी नहीं की है।
इनसेट-
यहां इतनी सीटें हैं डॉक्टरी की
कॉलेज
कुल सीटें
ऑल इंडिया
सेंट्रल पुल
एनआरआई एससी/एसटी/बैकवर्ड जनरल
- जीएमसीएच-32
150
23
3
9 17/0/0 98
- डेंटल कॉलेज
100
73
10
15 11/4/4 53
- होमियोपैथिक कॉलेज एंड हॉस्पिटल
50
0
8
0
6
36