25 युवकों ने मिलकर पति-पत्नी को पीटा
- फोटो : Demo Pic
सड़क पर 25 युवकों ने कार में जा रहे पति पत्नी के साथ दिनदहाड़े गुंडागर्दी कर दी। दोनों के साथ ऐसा सलूक किया गया, कि अभद्रता शब्द भी छोटा पड़ जाए। फिरोजपुर के आरएसडी कॉलेज के पास कार और बाइक की भिड़ंत पर हुए विवाद में करीब 25 युवकों ने मिलकर पति-पत्नी को पीटा। साथ ही व्यक्ति की पगड़ी उतार कर सड़क में फेंक दी। आरोपियों ने पत्नी के साथ भी अभद्रता की। थाना सिटी पुलिस ने पीड़ित के बयान पर चार युवकों को नामजद कर 25 के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सतनाम सिंह निवासी पल्ला मेघा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वो अपनी पत्नी सर्बजीत कौर के साथ कार से जा रहे थे। आरएसडी कालेज के पास उन्होंने अपनी कार रोकी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद युवकों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को घटनास्थल पर बुला लिया। वहां पर लगभग पच्चीस युवक आ गए और उनके साथ मारपीट करने लगे।
आरोपियों ने सतनाम सिंह की पगड़ी उतार कर सड़क में फेंक दी। पत्नी सर्बजीत कौर के साथ आरोपियों ने अभद्रता की। शिकायत मिलने पर थाना सिटी पुलिस ने आरोपी कमलजीत सिंह निवासी हरीपुरा, अंकित निवासी संत लाल रोड फिरोजपुर कैंट, गोपाला, राम चंद को नामजद कर पच्चीस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।