पासपोर्ट धारकों के लिए विदेश मंत्रालय ने एक नई सुविधा शुरू की है। इसके तहत पासपोर्ट की समाप्ति तिथि से पहले धारकों को अवगत करा दिया जाएगा कि उनके पासपोर्ट की वैधता अगले कुछ दिनों बाद खत्म हो जाएगी। इसके लिए पासपोर्ट समाप्त होने के नौ व सात माह पहले धारकों को मैसेज भेजे जाएंगे।
चंडीगढ़ क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि अक्सर देखने को मिलता है कि पासपोर्ट धारक समय पर अपने पासपोर्ट का नवीनीकरण नहीं करा पाते हैं। वे पासपोर्ट की वैद्य तिथि समाप्त होने तक का इंतजार करते हैं।
लेकिन यदि अचानक से विदेश यात्रा की जरूरत पड़ जाए तो लोग वैध पासपोर्ट होने के बाद भी यात्रा करने से वंचित रह जाते हैं। नियम के मुताबिक उनके पासपोर्ट की वैध तिथि समाप्त होने में छह महीने से कम का समय बचा होता है। अधिकतर देशों में वीजा देने की शर्त में यह भी एक नियम है कि यदि किसी पासपोर्ट धारक के पासपोर्ट की समाप्ति तिथि छह माह से कम हो तो वह विदेश की यात्रा नहीं कर सकते। पासपोर्ट नवीनीकरण के लिए धारक www.passportindia.gov.in पर जाकर या पासपोर्ट सेवा केंद्र पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।