शशि थरूर के बयान पर अनिल विज ने किया पलटवार
कांग्रेस नेता शशि थरूर के बयान पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने इस पर अब तीखी प्रतिक्रिया दी है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ट्वीट के जरिए कहा कि कांग्रेसी नेता शशि थरूर न शक्ल से न अक्ल से हिंदुस्तानी लगते हैं।
बता दें कि शशि थरूर ने ट्वीट करके ‘संगम में सब नंगे’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था जिसपर अब मंत्री अनिल विज ने प्रतिक्रिया दी है। विज ने शशि थरूर को बेहूदा इंसान कहते हुए कहा कि वह हिंदुस्तानी नहीं लगते।
विज ने कहा शशि थरूर को हिंदुस्तान के मामलों में दखल भी नहीं देना चाहिए। प्रयाग में लगे कुंभ मेले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी द्वारा स्नान करने की घोषणा पर विज ने फिर थरूर पर हमला बोला और कहा कि मैं थरूर वाली बात नहीं कहूंगा।
यह अच्छी बात है कि अगर वह स्नान करने जा रहे हैं। यह भारत की संस्कृति है, कुंभ एक बहुत बड़ा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है और अगर कोई भी वहां जाता है तो यह अच्छी बात है।