पंजाब सुपर लीग में भिड़तीं फुटबॉल टीमें।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। पंजाब सुपर लीग में मिनर्वा फुटबॉल क्लब का जीत का सिलसिला जारी है। सोमवार को मिनर्वा टीम ने दोआबा यूनाइटेड फुटबॉल क्लब को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से हराकर सुपर लीग में क्वालीफाइंग राउंड में प्रवेश किया। दोआबा यूनाइटेड फुटबॉल क्लब की टीम में खेलने वाले 11 खिलाड़ियों में से नौ खिलाड़ी पहले मिनर्वा की तरफ से खेल चुके थे, ऐसे में टीम को मैच के दौरान इसका और घरेलू मैदान में खेलने का भी फायदा मिला। दोआबा टीम में मोहन बागान की तरफ से खेल चुके रणदीप सिंह, एएफसी कप-2019 में मिनर्वा की तरफ से खेलने वाले सलमान लतीफ, नेशनल फुटबॉल में 12 मैच खेल चुके बलदीप सिंह, गगनदीप सिंह, परमिंदर सिंह, इंदरजीत सिंह और मनवीर सिंह जैसेे अनुभवी खिलाड़ी शामिल थे। इसके बावजूद पूरे मैच के दौरान मिनर्वा अकादमी की टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा।
अनवर अली ने पूरे मैच के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले हॉफ में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। मैच के दूसरे हॉफ में मिनर्वा के हेडकोच येन ने मैच में शाइजा की जगह विक्टर इकोमोबोंग को मैच में उतारा। कोच के फैसले पर विक्टर सही साबित हुए और अगले कुछ ही मिनटों में गोल दागकर मिनर्वा के खेमे में जोश भर दिया। मिनर्वा को 1-0 की बढ़त मिलने के बाद दोआबा यूनाइटेड फुटबॉल क्लब ने कई प्रयास किए, लेकिन कोई भी खिलाड़ी गोल नहीं कर सका।