चंडीगढ़। सेक्टर-51 के फ्लैट से एक हजार कैनेडियन डॉलर, 1200 अमेरिकी डॉलर और लाखों रुपये के गहने चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी की पहचान सिरसा निवासी जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की नकदी, गहने और कागजात बरामद कर लिए हैं। सेक्टर 49 थाना पुलिस अब बुधवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश करेगी।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-51 निवासी बलजीत सिंह ने पुलिस को बताया था कि वह प्राचार्य के पद पर तैनात हैं। 18 नवंबर को सुबह वह अपने परिवार के साथ सेक्टर-35 स्थित रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी समारोह से शाम को लौट आए। इसके बाद वह शाम छह बजे अपनी बहन और एक जानकार महिला के साथ पंचकूला में दांत के डॉक्टर के पास चले गए। रात को लगभग 9 बजे लौटे तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमीरा में रखी नगदी, ज्वेलरी, जरूरी कागजात के अलावा सूटकेस और बैग गायब थे। यह देखकर वह घबरा गए और पूरा सामान चेक किया तो पता चला कि काफी सामान चोरी हो गया है। इसकी सूचना तुरंत उन्होंने पुलिस को दी।