जबर्दस्त वित्तिय संकट से जूझ रही पंजाब यूनिवर्सिटी के लिए दिल्ली से राहत भरी खबर आई है। शुक्रवार को मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडे़कर ने यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) को तुरंत प्रभाव से 140 करोड़ रुपये की इमरजेंसी ग्रांट जारी करने के आदेश दे दिए हैं।
जावड़ेकर ने यह आदेश सांसद किरण खेर के आग्रह पर जारी किए हैं। शुक्रवार को सांसद किरण खेर ने दिल्ली में एचआरडी मिनिस्टर प्रकाश जावड़ेकर से मुलाकात कर पीयू के वित्तिय संकट की विस्तार से बात रखी। सांसद खेर ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी उनकी मातृ संस्था है। पीयू के इस वित्तिय संकट से वह भली भांति परिचित हैं। हालांकि पंजाब यूनिवर्सिटी अथोरिटी अपनी बकाया 30.5 करोड़ रुपये के ग्रांट की मांग कर रही थी। लेकिन वित्तिय संकट से उभारने के लिए एमएचआरडी ने 140 करोड़ रुपये की वन टाइम ग्रांट जारी करने के आदेश दिए हैं।
सांसद किरण खेर ने ग्रांट जारी करने पर एचआरडी मिनिस्टर प्रकाश जावड़ेकर का आभार व्यक्त किया। इससे पहले खेर ने 7 मार्च को भी पीयू की बकाया ग्रांट जारी करने के लिए एमएचआरडी को चिट्ठी लिखी थी। पीयू की ग्रांट का मामला हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। हाईकोर्ट लगातार इस मामले में यूजीसी को फटकार लगाता रहा है।