चंडीगढ़। सेक्टर-18 के क्राइस्ट चर्च सीएनआई में संडे स्कूल के बच्चों तथा चर्च के युवाओं ने क्रिसमस ट्री समारोह का आयोजन किया। यह कार्यक्रम प्रभु यीशु मसीह के जन्म के पावन पर्व क्रिसमस के अवसर पर हुआ। समारोह के दौरान बच्चों और युवाओं ने क्रिसमस कैरल, बाइबिल आधारित प्रस्तुतियां, नाटिकाएं, कविताएं एवं संदेश प्रस्तुत किए। इसके माध्यम से प्रेम, शांति, विनम्रता और मानवता की सेवा का संदेश दिया गया।
क्राइस्ट चर्च सीएनआई के सचिव स्टीफन प्रकाश मसीह ने संडे स्कूल के शिक्षकों, युवा प्रभारियों, अभिभावकों एवं सभी स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों और युवाओं के चरित्र निर्माण, आध्यात्मिक विकास तथा सामाजिक एकता को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।