चंडीगढ़ में बत्तखों का गायब होना सियासी मुद्दा बन गया है। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी इस मुद्दे को लेकर आक्रामक हो गई हैं। इसके बाद मेनका गांधी और वन विभाग के आईएफएस अधिकारी संतोष कुमार के बीच रार बढ़ गई है।
यहां सोमवार को आयोजित क्षेत्रीय संपादक सम्मेलन में मेनका गांधी से सवाल उठाया कि अगर वन विभाग खुद बत्तखों को मारकर खाएगा तो बचाने वाला कौन है। उन्होंने कहा कि बत्तखों को मारकर खाया गया है। ऐसे लोगों को जेल जाना चाहिए, क्योंकि इस मामले में वाइल्ड लाइफ एक्ट का उल्लंघन हुआ है। हालांकि इस प्रकरण में उन्होंने संतोष कुमार का नाम नहीं लिया, लेकिन पिछले दिनों मेनका और संतोष कुमार की फोन पर हुई हाट टॉक जगजाहिर हो चुकी है।
उधर, संतोष कुमार ने राज्यपाल को बत्तखों के फोटो तक दिखा दिए हैं। सूत्रों की मानें तो संतोष कुमार बत्तखों की फोटो से लेकर वीडियो क्लिपिंग तक राज्यपाल के सामने पेश कर चुके हैं। वन विभाग का दावा है कि बत्तखों को सुखना वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में छोड़ा गया है।