क्षेत्रीय संपादक सम्मेलन में गृह मंत्री राजनाथ सिंह
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान में पल रहे आतंकवाद को सांप की संज्ञा दी है। उन्होंने कहा है कि आतंकवाद को नीतिगत तौर पर प्रश्रय देने के कारण इंडो-पाक संबंधों में सुधार के मामले में सबसे बड़ी बाधा पाकिस्तान खुद है। पाकिस्तान का पूरा तंत्र आतंकवाद को हवा देने में लगा है। मैं यह बता देना चाहता हूं कि जो लोग सांप पालते हैं सांप उन्हें जरूर डसते हैं।
गृहमंत्री ने सोमवार को यहां आयोजित क्षेत्रीय संपादक सम्मेलन में पाकिस्तान परस्त आतंकवाद पर जमकर हमला बोला। राजनाथ ने कहा कि हमें पाकिस्तान की जनता से नफरत नहीं है। नफरत सिर्फ पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से है। पाकिस्तान आतंकवाद को समाप्त नहीं करना चाहता है, क्योंकि उनकी मंशा साफ नहीं है। वहां आतंकवाद की फैक्टरी चल रही है।
उन्हाेंने आश्वासन दिया कि साल 2018 तक इंडो-पाक बार्डर पूरी तरह से सुरक्षित हो जाएगा। यहां फिजिकल बैरियर के अलावा बॉर्डर क्षेत्र में फ्लड लाइट और लेजर वॉल भी बनाए जाएंगे। इसे लेकर मधुकर कमेटी ने भी अपनी रिपोर्ट दे दी है। रिपोर्ट के आधार पर हम देश के बॉर्डर क्षेत्रों में सुरक्षा इतनी चौकस कर देंगे कि हमारे देश में घुसपैठ संभव नहीं होगी। भरोसा जताया कि साल 2018 तक भारतीय अपने आप को पूरी तरह से सुरक्षित महसूस करेंगे।