हरियाणा में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अब सप्ताह में दो दिन मेगा वैक्सीनेशन ड्राइव चलाया जाएगा। मेगा सोमवार और मेगा मंगलवार को कोरोना का विशेष टीकाकरण होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभी मुख्यंत्रियों के साथ हुई बैठक में यह जानकारी दी।
मनोहर लाल ने बताया कि अब तक हरियाणा में 7.50 लाख लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। सोमवार को प्रदेश में एक ही दिन में रिकॉर्ड 1.6 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर पर अधिक जोर दिया जा रहा है।
प्रदेश में आरटीपीसीआर टेस्ट दर 93 प्रतिशत है। अब प्रतिदिन टेस्टिंग दर बढ़ाई जाएगी। पहले की तरह 25 से 30 हजार टेस्ट किए जाएंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मास्क न पहनने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है, ऐसे में सावधानी बरतें। पात्र लोग अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल और सरकार द्वारा अधिकृत निजी अस्पतालों में कोरोना की वैक्सीन अवश्य लगवाएं।
हरियाणा में एक बार फिर से कोरोना संक्रमण फैलने लगा है। एक साल पहले 17 मार्च को प्रदेश में कोरोना का पहला मामला सामने आया था, जबकि मंगलवार को प्रदेश में रिकॉर्ड 523 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। खास बात यह है कि अब संक्रमण प्रदेश के एक मात्र रेवाड़ी को छोड़कर सभी जिलों में पहुंच चुका है। गंभीर बात यह भी है पंचकूला और करनाल में संक्रमण की दर गुरुग्राम और फरीदाबाद से भी अधिक है।
सबसे अधिक पंचकूला में 96 और करनाल में 93 संक्रमित मिले हैं। गुरुग्राम में 84, कुरुक्षेत्र में 56, यमुनानगर में 49, अंबाला में 45 और फरीदाबाद में 27 संक्रमण के मामले मिले हैं। इससे पहले, महेंद्रगढ़, झज्जर, भिवानी, फतेहाबाद, नूंह और चरखादरी में 1 से 4 तक केस मिलने शुरू हो गए हैं, पहले ये जिले कोरोना संक्रमण से बचे थे।