विधायक शमशेर गोगी को साइड में मिली कुर्सी।
जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में असंध से कांग्रेस के विधायक शमशेर गोगी भी पहुंचे। जिस समय वे बैठक में पहुंचे थे, उस समय दूसरी शिकायत फसल बीमा योजना संबंधित पर सुनवाई की जा रही थी। लेकिन बैठक में पहुंचने के बाद वे पांच मिनट तक मंच पर खड़े रहे, बाद में उन्हें मेन डाइस की साइड वाली कुर्सी पर बैठाया गया।
इंद्री विधायक राम कुमार कश्यप के पास लगी कुर्सी पर बैठते हुए वे बोले कि मैं तो ओपोजिशन का हूं ना, तभी साइड पर कुर्सी दी जा रही है। हालांकि वे बैठक में कुछ समय ही रहे। लेकिन जितनी देर तक रहे, उन्होंने शिक्षा मंत्री से ज्यादा मुद्दों और शिकायतों की पैरवी की और अधिकारियों से भी जवाब मांगा। फसल बीमा योजना की शिकायत पर खास तौर से उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाए।
इस क्रम में मेन डाइस पर बैठे विधायक और अधिकारी
बैठक में मेन डाइस पर माइक के पास से सबसे पहली सीट पर स्वच्छ भारत मिशन के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद, इसके बाद भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया, डीसी विनय प्रताप सिंह, शिक्षा मंत्री कंवर पाल, घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण, मेयर रेणू बाला गुप्ता व इंद्री विधायक राम कुमार कश्यप बैठे थे। इसके बाद अलग से कुर्सी लगाकर असंध के विधायक शमशेर गोगी को बैठाया गया।
सिर्फ एजेंडा की शिकायतों पर हुई सुनवाई, बाकी खड़े रहे
बैठक में सिर्फ एजेंडे में शामिल 17 शिकायतों पर ही सुनवाई शिक्षा मंत्री ने की। इसके अलावा एक दो शिकायतों को छोड़कर कोई भी कष्ट निवारण समिति की बैठक में अपनी शिकायत नहीं रख पाया। हालांकि एजेंडे की 17 शिकायतें खत्म होने के बाद शिकायतकर्ताओं की लाइन लग गई थी। लेकिन शिक्षा मंत्री बैठक के बाद सीधा विकास सदन में शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में पहुंच गए।