कैबिनेट मंत्री बनने के बाद मंत्रालय मिलने से पहले कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए अनिल विज ने कहा कि मैंने कभी भी पार्टी में पद नहीं मांगा। मांगना अनिल विज की प्रवृति नहीं है। हां मैंने मुख्यमंत्री जी को यह जरूर कहा है कि वह उन्हें जहां भी खड़ा करेंगे वहीं से छक्का लगाऊंगा। विज ने कहा कि यह बात मैंने केवल आपके दम पर ही कही है। क्योंकि मुझे आप सभी पर भरोसा है।
विज ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि जो भी अंबाला के विकास में बाधा बनेगा उसे अंबाला में रहने नहीं दूंगा और जो विकास में सहयोग करेगा उसे मान भी देंगे सम्मान भी देंगे। विज ने कहा कि इस बार तो सारी पार्टियां मुझे हराने के लिए एकजुट हो गई थी लेकिन आपके दम पर ही मैंने छठी जीत दर्ज की।
गब्बर इज बैक
कार्यकर्ताओं से बातचीत के बाद जब पत्रकारों ने विज से सवाल किया कि आपको पूरे प्रदेश में गब्बर के नाम से जाना जाता है क्या अब भी गब्बर की छवि बरकरार रहेगी तो इसके जवाब में विज बोले गब्बर इज बैक।