चंडीगढ़। पीयू में अब सिंडिकेट की बैठक आयोजित करने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। एक सप्ताह में सिंडिकेट का कार्यकाल खत्म हो जाएगा। सदस्यों की विदाई एक पत्र के जरिए किए जाने की तैयारी की जा रही है। पत्र के जरिए सभी का आभार किया जा सकता है। वहीं दूसरी ओर मामला हाईकोर्ट जाने के बाद पीयू उसके जवाब की तैयारी में जुटी है।
पीयू सिंडिकेट की बैठक शारीरिक रूप से उपलब्ध होकर मार्च के बाद से आयोजित नहीं की गई। कोरोना इसका कारण बना। अगस्त के बाद ऑनलाइन बैठक हुई लेकिन उसमें सभी सदस्यों की सहभागिता पूरी नहीं हो पाई। इसके कारण बैठक पूरी नहीं हो सकी। उम्मीद थी कि दिसंबर में बैठक आयोजित की जाएगी और सदस्यों की विदाई होगी। सूत्रों का कहना है कि पीयू प्रशासन अब बैठक आयोजित करने पर विचार नहीं कर रहा है। 31 दिसंबर को कार्यकाल सिंडिकेट का खत्म हो जाएगा। उस दिन एक पत्र जरूर जारी हो सकता है। हर बार आखिरी बैठक में पूरे सालभर के कार्यों की समीक्षा होती है और सभी लोग बेहतरीन तरीके से विदा होते हैं। इस बार ऐसा नजारा नहीं होगा। इसका एक कारण कोरोना भी है। हाईकोर्ट में सीनेट चुनाव न करवाने व सिंडिकेट की बैठक न बुलाने का प्रकरण चल रहा है। पीयू को जनवरी में हाईकोर्ट में जवाब दाखिल करना है। पीयू उसकी तैयारी कर रही है।