चंडीगढ़। पुलिस ने साइबर अपराध से निपटने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए दो दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह प्रशिक्षण 4–5 सितंबर को सेक्टर-18 स्थित सेंकॉप्स में हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व एसपी साइबर क्राइम गीतांजलि खंडेलवाल ने किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ से आए करीब 40 पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इसका आयोजन इंडियन साइबर क्राइम कोआर्डिनेशन सेंटर गृह मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों जितेंद्र सिंह (एसीपी), महेश गुप्ता और मृत्युंजय (डार्क वेब एनालिसिस यूनिट) ने अधिकारियों को आधुनिक साइबर अपराध से निपटने की तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान क्रिप्टोकरेंसी ट्रैकिंग, ब्लॉकचेन विश्लेषण, वालेट फारेंसिक और डार्क वेब मॉनिटरिंग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को प्रायोगिक उपकरण और तरीके सिखाए गए ताकि वे उभरते साइबर अपराधों की जांच अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें। कार्यक्रम के दौरान एसपी गीतांजलि खंडेलवाल ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती है और इससे निपटने के लिए क्षमता निर्माण और क्षेत्रीय सहयोग बेहद आवश्यक है।