चंडीगढ़। सेक्टर-36 स्थित एमसीएम डीएवी कॉलेज में चिकित्सा उपकरणों व नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कॉलेज ने सेंटर फॉर इनोवेशन एंड बायो डिजाइन, पीजीआईएमईआर के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। एमओयू हस्ताक्षर समारोह के दौरान एचआर गांधार, वाइस प्रेजिडेंट डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी नई दिल्ली और प्रिंसिपल डॉ. निशा भार्गव ने कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया। पीजीआईएमईआर के प्रतिनिधि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ओएसडी डॉ. वरिंदर गर्ग थे।
इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य विभिन्न संस्थानों को शामिल कर नवाचार को बढ़ावा देने के साथ स्वदेशी प्रौद्योगिकियों को विकसित करना, सस्ती स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए साधन और उपकरण, शोधकर्ताओं, चिकित्सकों और चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्रों में काम करने वाले फैकल्टी सदस्यों को अनुकूल प्रशिक्षण प्रदान करना है। प्रिंसिपल डॉ. निशा भार्गव ने कहा कि यह एमओयू स्वास्थ्य और भलाई के लिए नवाचार और उत्पाद विकास के अभूतपूर्व अवसरों के लिए द्वार खोलेगा।