फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: मेयर चुनावः गठबंधन की घोषणा के बाद कांग्रेस के जसबीर बंटी, आप के नेहा और पूनम ने वापस लिया नामांकन

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। मेयर चुनाव में भाजपा को हराने के लिए पहली बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक साथ सामने आई है। सोमवार को दोनों पार्टियों ने गठबंधन की आधिकारिक घोषणा कर दी। गठबंधन के बाद कांग्रेस के जसबीर बंटी ने मेयर पद, आप के नेहा और पूनम ने सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए भरे नामांकन को वापस ले लिया। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की और आप के प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. एसएस अहलूवालिया भी उपस्थित रहे। दोनों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और कहा कि ये नई शुरुआत है।
विज्ञापन

गठबंधन से पहले 13 जनवरी को कांग्रेस ने मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए थे। इसी तरह ही आप ने भी तीनों पद पर अपने उम्मीदवार उतार दिए थे लेकिन अब जब गठबंधन हो गया है तो कांग्रेस के मेयर उम्मीदवार जसबीर सिंह बंटी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है, वो आप के मेयर पद के उम्मीदवार कुलदीप टीटा का समर्थन करेंगे। गठबंधन के समझौते के अनुसार मेयर का पद आप ने अपने पास रखा है, जबकि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का पद कांग्रेस के खाते में गया है, इसलिए सोमवार को आप से सीनियर डिप्टी मेयर उम्मीदवार नेहा और डिप्टी मेयर उम्मीदवार पूनम ने नामांकन वापस ले लिया। वह अब सीनियर डिप्टी मेयर पद पर गुरप्रीत सिंह गाबी और डिप्टी मेयर पद पर निर्मला देवी को समर्थन देंगे। सोमवार को यह सभी पार्षद नगर निगम पहुंचे थे। इनके साथ कांग्रेस के भी कई नेता थे। आप के पार्षद व नेता सोमवार को भी पंजाब सरकार की गाड़ियों में पहुंचे। इस दौरान खडूर साहिब के विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा भी उपस्थित रहे।

बदल गए समीकरण, अब चिंता में भाजपा
आप और कांग्रेस में गठबंधन से मेयर चुनाव के सारे समीकरण बदल गए हैं। जिस भाजपा के नंबर पिछले कई वर्षों से ज्यादा थे, अब उनके नंबर गठबंधन की तुलना में कम हो गए हैं। मेयर चुनाव के लिए गठबंधन (आप और कांग्रेस) के पास 20 वोट तो सांसद किरण खेर को मिलाकर भाजपा के पास कुल 15 वोट हैं। वोटों का फासला बहुत ज्यादा है, इसलिए माना जा रहा है आप और कांग्रेस का गठबंधन अब आसानी से अपना मेयर बना लेगा। ऐसे में पिछले कई वर्षों से मेयर की कुर्सी पर बैठी भाजपा की बादशाहत खतरे में है। गठबंधन ने भाजपा नेताओं की चिंता भी बढ़ा दी है। अकाली दल के पार्षद हरदीप सिंह ने अभी तक अपना रुख साफ नहीं किया है कि वह किसे वोट देंगे। हालांकि, मेयर चुनाव में अभी दो दिन बाकी हैं। ऐसे में कोई भी उलटफेर हो सकता है।
विज्ञापन


गठबंधन को अब क्रॉस वोट का डर
गठबंधन के पास मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर बनाने के लिए पर्याप्त आंकड़े हैं लेकिन अब उनकी सबसे बड़ी चुनौती क्रॉस वोटिंग को रोकना रहेगा। भाजपा के पास 15 वोट हैं। अगर अकाली दल का समर्थन मिलता है तो 16 वोट मिल सकते हैं। ऐसे में भाजपा की नजर गठबंधन के पार्षदों की वोट क्रॉस कराने पर है। गठबंधन के तीन पार्षदों ने अगर वोट क्रॉस किया तो खेल बिगड़ सकता है। ऐसे में गठबंधन के लिए क्रॉस वोट को रोकना इस बार बड़ी चुनौती है। हालांकि, भाजपा में भी सभी पार्षद खुश नहीं है। ऐसे में गठबंधन का दावा है कि उन्हें 20 से ज्यादा वोट मिलेंगे। इसके अलावा वोट डैमेज घोषित होने से भी चुनाव के नतीजों पर प्रभाव पड़ता है। डैमेज वोट की गिनती नहीं की जाती और उसे इनवैलिड (अयोग्य) करारा दे दिया जाता है। बता दें कि क्रॉस वोटिंग और डैमेज वोट जैसे कारणों से पर्याप्त बहुमत नहीं होने के बावजूद भाजपा कई बार बाजी मार चुकी है।

अब कुलदीप और मनोज के बीच होगा मुकाबला
पार्टी मेयर सीनियर डिप्टी मेयर डिप्टी मेयर
गठबंधन (आम आदमी पार्टी+कांग्रेस) कुलदीप टीटा गुरप्रीत सिंह गाबी निर्मला देवी
भाजपा मनोज सोनकर कुलजीत सिंह संधू राजिंदर शर्मा

वर्तमान में वोट का गणित
गठबंधन (आम आदमी पार्टी+कांग्रेस): 20 (13+7)
भाजपाः 14 पार्षद + एक सांसद
अकाली दलः 1

- वर्जन -
शहर की बेहतरी के लिए गठबंधन
आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन पर सहमति बन गई है। हमने मेयर पर नामांकन वापस ले लिया है। शहर की बेहतरी के लिए ऐसा किया जा रहा है ताकि हर मामले में पिछड़ रहे शहर को एक बार फिर आगे लाया जा सके।
- एचएस लक्की, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस

स्थानीय स्तर पर हुआ गठबंधन
स्थानीय स्तर पर गठबंधन हुआ है। पार्टी हाईकमान का कोई फैसला आएगा तो उसकी भी जानकारी दी जाएगी। गठबंधन के बाद हमने सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पर नामांकन वापस ले लिया है। वे दोनों पद कांग्रेस को दिए गए हैं।
विज्ञापन

- डॉ. एसएस अहलूवालिया, प्रदेश सह-प्रभारी, आप
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें