चंडीगढ़। धनास की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी विवाहिता के करवाचौथ के दिन फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बुधवार शाम को पूनम (32) को घर में फंदे से लटकता देखकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के मुताबिक मृतका का पति अमित अपने भाई की शादी के लिए अमृतसर गया था, जिसकी चार नवंबर को शादी है। घर पर पूनम अपनी आठ वर्षीय बेटी और दस महीने की बच्ची के साथ अकेली थी। घटना के समय आठ वर्षीय बेटी अपनी बहन को लेकर घर से बाहर खेल रही थी। जब अंदर आई तो अपनी मां को फंदे पर लटकता देखा। उसने इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी गई। सारंगपुर थाना पुलिस के मुताबिक मृतका का पति जोमेटो में काम करता है। शव का वीरवार को पोस्टमार्टम होगा।