करियाम रोड स्थित केसी एस्टेट में शुक्रवार रात को एक महिला ने शादी के मात्र एक महीने बाद ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। आरोपियों ने सन्नी को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। मृतक के पिता के बयानों पर मामला दर्ज कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार इब्राहिम बस्ती निवासी चरण दास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा सन्नी मजदूरी करता था। उसने एक माह पहले अपनी मर्जी से गांव पनाम निवासी अमनदीप कौर के साथ शादी की थी। शादी के बाद सन्नी करियाम रोड पर एक किराए के मकान में रहने लगा। वहां पर गांव कोट निवासी परमिंदर सिंह उनकी बहू अमनदीप कौर से मिलने आता-जाता था।
सन्नी ने कई बार परमिंदर को वहां आने से रोका, लेकिन वह नहीं माना। आरोप है कि शुक्रवार रात को परमिंदर और अमनदीप कौर ने मिलकर सन्नी को पीटा और उसे घर की छत से नीचे फेंक दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चरणदास के बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 और 34 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी परमिंदर ट्रक ड्राइवर है।