चंडीगढ़। सेक्टर-26 की सब्जीमंडी अब तक आढ़तियों और दुकानदारों द्वारा अपनी सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के सहारे है। मार्केट कमेटी सब्जी मंडी में कैमरों को लागने के लिए कैमरों की संख्या और अनुमानित लागत इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट को भेज चुकी है पर अब तक कैमरों को लगाने की नौबत नहीं आ सकी है।
चंडीगढ़ की मंडी में रिश्वतखोरी कांड के बाद एकबार फिर से सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता ज्यादा समझी जा रही है। इसी वजह से मंडी में सीसीटीवी कैमरों को लगाने की मांग आढ़ती भी कर रहे हैं। इस मामले में मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने बताया कि मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए विभाग द्वारा 57,16,600 रुपये का अनुमानित बजट तैयार कर लिया गया है। इस कार्य के लिए पुनः निविदा संबंधी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। जिसके बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अभी यदि पुलिस या किसी अन्य एजेंसी को किसी जगह की सीसीटीवी फुटेज की आवश्यकता होती है तो वह फुटेज सिर्फ आढ़तियों के सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ही मिल सकती है।
मार्केट कमेटी के सचिव राजिंदर कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की अनुमानित लागत तैयार कर ली गई है। इसका दोबारा टेंडर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन कैमरों को इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट की ओर से लगवाया जाएगा।