चंडीगढ़। मार्केट कमेटी के सुपरवाइजर में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बावजूद सेक्टर-26 स्थित कमेटी कार्यालय खोला जा रहा है। इससे कमेटी कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है।
सब्जी मंडी, एस्टेट आफिस के बाद अब मार्केट कमेटी के सुपरवाइजर में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद भी कमेटी कार्यालय में पब्लिक डीलिंग का कार्य किया जा रहा है। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि कमेटी के सचिव को उन्होंने कहा है कि उनका भी कोविड टेस्ट कराया जाए और साथ काम करने वाले कर्मचारियों को होम क्वारंटीन किया जाए, लेकिन अभी तक कमेटी के सचिव ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
इधर कमेटी के सचिव जरनैल सिंह मावी ने सुपरवाइजर के संक्रमण की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है। कर्मचारियों के कोविड टेस्ट या होम क्वारंटीन कराने को लेकर वह कुछ नहीं बोल पाए।