चंडीगढ़ प्रशासन और पर्यटन विभाग मिलकर 23 जुलाई को नाइट हाफ मैराथन का आयोजन कर रहे हैं। हिस्सा लेने के इच्छुक लोग पंजीकरण करा सकते हैं। इसके जरिए धावक चंडीगढ़ में सेफ नाइट लाइफ का संदेश देंगे। वीरवार को यूटी गेस्ट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पंजाब के मुख्य वन संरक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दौड़ सुखना लेक से शुरू होगी।
मैराथन दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले 21 किमी की हॉफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 5 किलो मीटर की मैराथन में बच्चे व फेमिली के लिए होगी। 21 किलोमीटर की दौड़ में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम तीन पुरुषों और महिलाओं को विजेता चुना जाएगा । विजेताओं को ट्राफी व स्मृति चिह्न दिए जाएंगे। 50 वर्ष से अधिक के आयु वर्ग में एक महिला और एक पुरुष को ट्रॉफी और स्मृति चिह्न दिए जाएंगे।
मैराथन में भाग लेने वाले हर प्रतिभागी को दौड़ के समय का रिकार्ड रखा जाएगा। हाफ मैराथन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को टीशर्ट, चिप टाइम, मेडल, टाइम सर्टिफिकेट, रिफ्रेशमेंट आदि भी मुहैया करवाया जाएगा। इस मैराथन में प्रतिभागी बनने वालों के लिए सुखना लेक पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा रहेगी।
पुलिस भी मैराथन में करेगी सहयोग
प्रेसवार्ता में मौजूद चंडीगढ़ के एसएसपी डा. सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि कहा कि मैराथन के दौरान ट्रैफिक पुलिस मुस्तैद रहेगी। प्रतिभागियों को रूट में किसी प्रकार की दिक्कत न आए, वह इसका ध्यान रखेगी। हाफ मैराथन का एक उद्देश्य है कि चंडीगढ़ में रात के समय हर नागरिक सुरक्षित है। महिलाओं को जागरूक किया जाएगा कि चंडीगढ़ की सड़कों पर महिलाएं 24 घंटे सुरक्षित हैं।
1500 लोगों ने कराया है रजिस्ट्रेशन
पंजाब के मुख्य वन संरक्षक ने बताया कि अब तक मैराथन में शामिल होने के लिए 1200 लागों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। सिटको एमडी कविता सिंह ने बताया कि शहर में इस तरह के आयोजन से नाइट टूरिज्म विकसित होगा। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन www.chandigarhruner.com पर करवा सकते हैं।